Uttarakhand

रुद्रपुर में सनसनी: युवती का किडनैप कर गैंगरेप, साथ आए दो युवक चलती बाइक से कूदकर भागे

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक युवती ने तीन युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता सिडकुल क्षेत्र की एक निजी कंपनी में काम करती है। शिकायत में बताया गया है कि शनिवार रात वह अपनी एक सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाने लगे।

पीड़िता का कहना है कि रास्ते में उसकी सहेली और एक युवक मौका मिलते ही चलती बाइक से कूदकर भागने में सफल हो गए। हालांकि, वह स्वयं और दूसरा युवक आरोपियों के कब्जे में ही रहे।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने आगे चलकर दूसरे युवक को रास्ते में उतार दिया और युवती को गदरपुर की ओर ले गए। वहां तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि रविवार सुबह आरोपी उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान दर्ज किए। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

रुद्रपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) विभव सैनी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *