पौड़ी में गुलदार का खूनी हमला: घास लेने गई महिला की मौत, वन विभाग ने मार गिराया नरभक्षी
गढ़वाल वन प्रभाग के कोट ब्लॉक स्थित वाड़ी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। घास लेने गई 59 वर्षीय महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, वाड़ी गांव निवासी प्रभा देवी (59) पत्नी मातबर सिंह अपने पुराने मकान के समीप घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गुलदार महिला को घसीटते हुए पास के एक खंडहरनुमा मकान तक ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने शूटरों को भी बुलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुलदार लगातार घटनास्थल के आसपास मंडरा रहा था, जिससे किसी और हमले की आशंका बनी हुई थी।
गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि वन विभाग ने पहले गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह बेहद आक्रामक हो गया। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शूटरों ने आत्मरक्षा और लोगों की सुरक्षा के लिए उसे मार गिराया।
इस घटना ने एक बार फिर पौड़ी रेंज में बढ़ते गुलदार आतंक की ओर ध्यान खींचा है। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले सात महीनों में गुलदार के हमलों में करीब सात लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। कई गांवों में लोग समूह बनाकर ही आवाजाही कर रहे हैं और शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
वन विभाग ने फिलहाल वाड़ी गांव में अपनी टीम तैनात कर दी है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
