Uttarakhand

राष्ट्रपति पदक 2026: उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय पहचान

उत्तराखंड पुलिस के लिए यह गौरव का क्षण है। प्रदेश के आईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और डॉ. सदानंद दाते समेत कुल नौ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। इनमें दो अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए, जबकि अन्य को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया जाएगा।

आईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और डॉ. सदानंद दाते को उनके उत्कृष्ट और दीर्घकालिक योगदान को देखते हुए विशिष्ट सेवा पदक से नवाजा जाएगा। खास बात यह है कि डॉ. सदानंद दाते का नाम सीबीआई कोटे से भेजा गया था। वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान लगभग सात वर्षों तक सीबीआई में तैनात रहे और कई महत्वपूर्ण मामलों में अहम भूमिका निभा चुके हैं।

इसके अलावा, सात अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए सराहनीय सेवा पदक देने की घोषणा की गई है। इस सूची में फायर सर्विस के दो कर्मचारी भी शामिल हैं, जिन्होंने आपदा एवं आपात स्थितियों में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।

सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक पाने वाले अधिकारी-कर्मचारी

  • प्रबोध कुमार घिल्डियाल, डीएसपी, रुद्रप्रयाग

  • शिवराज सिंह, डीएसपी, चम्पावत

  • ज्योति चौहान, इंस्पेक्टर विजिलेंस, सेक्टर देहरादून

  • सुभाष चन्द्र, इंस्पेक्टर, इंटेलीजेंस

  • साजिद अली, एएसआई, पुलिस मुख्यालय

फायर सर्विस से सम्मानित कर्मचारी

  • गिरीश चंद्र लोहानी, लीडिंग फायरमैन, देहरादून

  • मुकेश कुमार पोखरियाल, लीडिंग फायरमैन, देहरादून

सिविल डिफेंस के दो वार्डनों को भी मिलेगा राष्ट्रपति पदक

  • मीना मोहन शर्मा, सेक्टर वार्डन

  • रविंद्र मोहन काला, डिप्टी डिविजनल वार्डन

इन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजीपी दीपम सेठ ने राष्ट्रपति पदक की घोषणा पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस, फायर सर्विस और सिविल डिफेंस की पूरी टीम के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। यह उपलब्धि अन्य कर्मियों को भी बेहतर सेवा के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *