Uttarakhand

उत्तराखंड कैबिनेट विस्तार की तैयारी: सीएम ने दिए संकेत, पांच मंत्री पद खाली

उत्तराखंड में जल्द ही कैबिनेट विस्तार देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट दोनों ने ही इसके संकेत दिए हैं। लंबे समय से खाली चल रहे मंत्री पदों को भरने की तैयारियां तेज हो गई हैं।

राज्य कैबिनेट में इस समय पांच पद रिक्त हैं। इनमें से चार पद काफी समय से खाली पड़े हैं, जबकि एक पद पूर्व संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हुआ है। भाजपा विधायक लंबे समय से इन पदों के भरने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक कई दौर की चर्चा और कोशिशों के बावजूद विस्तार नहीं हो सका।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी के हालिया दिल्ली दौरे के दौरान शीर्ष नेतृत्व के साथ इस मुद्दे पर बातचीत हुई है। माना जा रहा है कि हाईकमान की स्वीकृति मिलते ही कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

रविवार को मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कैबिनेट विस्तार को लेकर पार्टी हाईकमान से बात चल रही है और जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी संकेत दिया कि खाली पदों को शीघ्र ही भरा जाएगा।

इन विधायकों के नाम चर्चा में

कैबिनेट में शामिल होने के लिए जिन विधायकों के नाम चर्चा में हैं, उनमें खजान दास, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, विनोद कंडारी, भरत चौधरी, बंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल और राम सिंह कैड़ा के नाम प्रमुख हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा – “हमारी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों पर चलती है। हाईकमान से चर्चा जारी है और उनके निर्देश के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार पर फैसला होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *